सिटी चौक स्थित एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में सोमवार की देर शाम भीषण आग लगने से सब कुछ जलकर राख हो गया।
हालांकि सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन कार्यालय तीसरी मंजिल पर होने के कारण फायर कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
मिली जानकारी के अनुसार रात लगभग आठ बजे सिटी चौक स्थित एक इमारत की तीसरी मंजिल पर आसपास के कुछ लोगों ने धुआं निकलते देखा। देखते ही देखते मोनिका फाइनेंस कंपनी के कार्यालय से आग की लपटें उठने लगीं।
कुछ लोगों ने इसकी जानकारी तुरंत पीसीआर को दी। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। मामला तीसरी मंजिल का होने के कारण उन्हें आग वाले स्थान पर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आखिरकार लगभग डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सूचना पाकर सिटी थाना एसएचओ शक्ति देवी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची।
घटनास्थल के आसपास जमा लोगों के हुजूम को नियंत्रित करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। एसएचओ के अनुसार आरंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है, लेकिन जांच के बाद ही असली कारण पता चला पाएगा। कार्यालय का सारा सामान जलकर राख हो गया है। नुकसान का अभी आंकलन नहीं हो पाया है।