दक्षिणी कश्मीर के काजीगुंड में शुक्रवार की देर रात लगभग एक बजे मुठभेड़ शुरू हो गई। माना जा रहा है कि तीन से चार आतंकी फंसे हुए हैं। पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर रखा है।
काजीगुंड क्षेत्र के चौगाम में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने घेराबंदी की। घेरा सख्त होता देख प्राइमरी स्कूल के पास एक मकान में छिपे आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों की जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई।
सूत्रों का कहना है कि चौगाम के पास के गांव सोपट निवासी लश्कर आतंकी मुजफ्फर के भी घिरे होने की सूचना है। मुठभेड़ शुरू होते ही काफी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन भी शुरू कर दिया है। इससे इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।