पुंछ जिले के मेंढर तहसील के एलओसी से सटे बलनोई और सागरा क्षेत्रों में वीरवार की देर रात करीब दस बजे उस समय सनसनी फैल गई जब एलओसी के उस पार पीओके के जंगलों में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार, एलओसी के उस पार लगी आग देखते ही देखते इस ओर मेंढर के बलनोई और सागरा क्षेत्रों में भी फैल गई।
जिससे इन क्षेत्रों में पहले से बिछी कई माइनें फटने से दहशत का माहौल बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार, आग से भारतीय सेना की कुछ पोस्टों को भी नुकसान पहुंचा है, लेकिन समय रहते सेना ने आग पर काबू पा लिया और अधिक नुकसान होने से बचा लिया।
बताया जा रहा है कि मेंढर के बलनोई और सागरा क्षेत्रों स्थित भारतीय सेना की भगवान और टी थ्री (टिल्ला, टिब्बा और टिक्का) पोस्टों पर आग पहुंचने से कुछ सामान भी जला है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से कोई बड़ा जानी या माली नुकसान नहीं हुआ है। इस घटना के बाद सेना ने भी अपनी सतर्कता बढ़ा दी है।