मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में बुधवार की सुबह वायु सेना का एमआई 17 हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से सात लोगों की मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची वायुसेना की टीम ने जांच के दौरान कई अहम सुराग जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार इनमें छह वायुसेना के लोग तथा एक स्थानीय नागरिक था।
बडगाम जिले के गरेंद कलां गांव में सुबह 10.38 बजे वायुसेना का हेलिकॉप्टर गिर पड़ा। जोरदार धमाके से लोग घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने देखा कि खेत में गिरा हेलिकॉप्टर आग की लपटों से घिरा हुआ है। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने का काम शुरू किया। इस बीच भीड़ के चलते आपरेशन में दिक्कत आने लगी तो सुरक्षा बलों ने हवाई फायर कर लोगों को हटाया।
घटना के कुछ देर बाद वायु सेना की जांच टीम भी एक अन्य हेलीकाप्टर से मौके पर पहुंची। उन्होंने घटनास्थल से सबूत जुटाए ताकि घटना के पीछे के कारण का पता लगाया जा सके। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि गिरने से पहले ही हेलिकॉप्टर में आग लग चुकी थी। इसका एक हिस्सा कुछ दूरी पर वहाबपोरा इलाके में भी गिरा है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मौके से बरामद सात शवों की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों के अनुसार मारे गए लोगों में एक स्थानीय किफायत अहमद गनई (20) भी है। हालांकि, इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है।