नेशनल कांफ्रेंस के प्रधान डा. फारूक अब्दुल्ला की अध्यक्षता में सोमवार को श्रीनगर में पार्टी की कोर ग्रुप की बैठक हुई। इस बैठक में रियासत में सियासी हालात के अलावा संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। लंदन से उपचार करवाकर लौटने के बाद डा. फारूक की अध्यक्षता में यह पहली बैठक हुई।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेकां के कार्यकारी प्रधान उमर अब्दुल्ला और अन्य वरिष्ठ पार्टी नेताओं की मौजूदगी में हुई बैठक में रियासत में पिछले दो महीने में विभिन्न सियासी गतिविधियों के अलावा संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर पार्टी के पूर्व महासचिव एडवोकेट शेख नजीर, पूर्व मंत्री हाजी अब्दुल गनी शाह वीरी के देहांत पर शोक प्रकट करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कोर ग्रुप की बैठक मंगलवार को भी जारी रहेगी और इसके बाद पार्टी की ओर से बयान जारी किया जाएगा।