जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को एक बार फिर जम्मू कश्मीर सरकार पर जमकर निशाना साधा। फारूक अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार और राष्ट्रपति से रियासत में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की और कहा कि जम्मू कश्मीर सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाए।
श्रीनगर लोकसभा सीट पर मतगणना समाप्त हो चुकी है। समाचार एजेंसी पीटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक श्रीनगर सीट से नेशनल कांफ्रेंस-कांग्रेस के संयुक्त प्रत्याशी ड़ॉ. फारूक अब्दुल्ला को जीत हासिल हुई है। हालांकि फारूक को कुल कितने मतों से विजय मिली है इस बारे में अब तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिल सकी है।
फारूक ने यह भी कहा कि राज्य में आने वाले समय में जो भी चुनाव कराए जाएं वो सभी राष्ट्रपति शासन के अंतर्गत हो। फारूक ने कश्मीर में चुनाव के दौरान हिंसा के हालातों के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि चुनावों के दौरान राज्य सरकार सुरक्षा की व्यवस्था करने में पूरी तरह से नाकाम रही है।
फारूक ने कहा कि घाटी के खराब हालातों के बावजूद लोग बाहर आए और उन्होंने वोट किया ये साबित करता है कि उनका नेशनल कांफ्रेस पर भरोसा है। इस दौरान फारूक अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि अनंतनाग सीट पर चुनाव इसलिए टाले गए क्योंकि महबूबा मुफ्ती जानती थीं कि नेकां-कांग्रेस के उम्मीदवार गुलाम अहमद मीर से चुनाव हार जाएंगे।