-हलका विधायक और सिंचाई विभाग के खिलाफ जताया रोष
-शिब्बुचक से जब्बोवाल तक 15 हजार किसान परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। सुहागपुर नहर में पानी न छोड़े जाने से करीब 25 गांवों में धान की रोपाई और सिंचाई प्रभावित हो रही है। गुस्साए किसानों ने सोमवार को सुहागपुर गांव में हलका विधायक और सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सुहागपुर के किसान सुरेश सिंह सैनी, रामपाल सैनी और कमलजीत ने कहा कि नहर में पानी नहीं आने से शिब्बुचक से जब्बोवाल तक के करीब 15 हजार किसान परेशान हैं। बिश्नाह हलके के विधायक डॉ. राजीव भगत आए दिन नहरों में पानी की आपूर्ति को लेकर बड़े-बड़े दावे करते कर रहे हैं, परंतु जमीनी स्तर पर ये खोखले साबित हो रहे हैं। नहर में पानी नहीं आने से धान की रोपाई नहीं हो पा रही है। बार-बार बिजली कटौती से मोटरों से भी सिंचाई प्रभावित हो रही है। विधायक सिर्फ सुर्खियां बटोरने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। उनको नहरों में पानी की आपूर्ति को सुनिश्चित करवाना चाहिए। रामपाल सैनी ने कहा कि बार-बार बिजली कटौती के चलते रात भर मोटर पर बैठना पड़ रहा है। सरकार का किसानों को सशक्त बनाने के दावे सरासर झूठे हैं।
-
पीछे से ही पानी की किल्लत रही
मानसून के बाद बाराबंदी शुरू होती है। सुहागपुर जाने वाली 15 नंबर नहर की बाराबंदी सोमवार से हो गई है। अगले साढ़े सात दिन तक निरंतर नहर में पानी की आपूर्ति की जाएगी। शुरुआती दौर में पीछे से ही पानी की किल्लत रही है।
विपिन शर्मा, जेई, सिंचाई विभाग अरनिया
कुछेक किसान जान बूझकर मुद्दा बना देते हैं
बाराबंदी के चलते सुहागपुर नहर में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई है। नहर में पानी की आपूर्ति को लेकर किसानों से ज्यादा सिंचाई विभाग और जनप्रतिनिधियों को फिक्र रहती है। कुछ एक किसान जान बूझकर मुद्दा बना देते हैं। समय रहते नहर को सुचारु कर दिया गया है।
राजीव भगत, विधायक बिश्नाह हलका
बिश्राह। आसमानी बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त मकान
बिश्राह। आसमानी बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त मकान