संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। कृषि विभाग की ओर से गांव बडियाल ब्राह्मणा में किसानों को गेहूं व धान लगाने के साथ सब्जियों की खेती करने के लिए जागरूक किया। कृषि विभाग के उप जिला अधिकारी सुरेन्द्र गुप्ता की देखरेख में लगाए शिविर के दौरान विभाग के अधिकारियों ने किसानों को बेमौसमी सब्जियों की खेती के साथ लगाए जाने की विधि के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किसान पहले वर्ष में दो फसलें उगाते थे, लेकिन अब किसान सब्जियां लगाकर लाभ प्राप्त कर सकते हैँ।
गुरमीत सिंह ने कहा कि आनेवाले दिनों में भिंडी, करेला, कद्दू, खीरा, लौकी आदि सब्जियां लगाई जानी हैं। हालांकि फरवरी माह में अगैती सब्जियां लगाने वाले किसानों को बीज का नुकसान उठाना पड़ा। तब तापमान नीचे रहने के कारण बीज अंकुरित नहीं हो पाया। अब तेज धूप होने से बीज जल्दी अंकुरित हो जाएंगे। कहा कि खेत को पहले समतल करवा लें। देसी खाद डालें तो और अच्छा होगा। इसके बाद पंक्ति से पंक्ति की दूरी डेढ़ फुट व पौधे से पौधे की दूरी एक फुट रखनी है। इसी हिसाब से जमीन में बिजाई की जाए। तापमान सही है तो तीसरे या चौथे दिन बीज अंकुरित हो जाएगा। जब तक पौधा बड़ा नहीं होता, इसका ध्यान रखना होगा। पंचायत के पूर्व सरपंच बिन्नी शर्मा, ओम प्रकाश रैणयाल, पूर्व सरपंच ओम प्रकाश शर्मा, चमन लाल, देश राज सहित क्षेत्र के अन्य किसान भी मौजूद थे।