कृषि विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ जेपी शर्मा कार्यक्रम की जानकारी देते हुए। संवाद
- फोटो : RSPURA
मीरां साहिब। शेर ए कश्मीर कृषि विश्वविद्यालय की ओर से 16 से 20 मार्च तक किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें किसानों को सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के साथ आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
उपकुलपति डॉ. जेपी शर्मा ने शनिवार को बताया कि उपराज्यपाल मनोज कुमार सिन्हा इस मेले उद्घाटन करेंगे। इस मेले में प्रदेश के किसानों के साथ दूसरे राज्यों के लोग भी भाग लेंगे। इस बार मेले में पासपोर्ट बनाने की सुविधा भी मिलेगी। शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के मकसद से खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा एक डॉग शो भी करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कृषि को बढ़ावा देने के मकसद से हर वर्ष विश्वविद्यालय की तरफ से विशाल किसान मेले का आयोजन किया जाता रहा है। पहली बार यह मेला पांच दिवसीय होगा। किसानों को आधुनिक तकनीकों के बारे में भी जागरूक कर बताया जाएगा कि किसान ज्यादा से ज्यादा फसलें लगाकर कैसे मुनाफा कमा सके। मेले के दौरान जम्मू-कश्मीर के उन्नत किसानों को विश्वविद्यालय की तरफ से सम्मानित भी किया जाएगा । उन्होंने प्रदेश भर के किसानों से आग्रह करते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में इस किसान मेले में पहुंचकर लाभ उठाएं ।