कालीन और साज सजावट के सामान का व्यवसाय करने वाले गड्डा परिवार को इस वर्ष कुदरत की दो बार मार झेलनी पड़ी है। कुदरत के कहर के कारण गड्डा परिवार की रोजी-रोटी छिन गई है। सारा व्यवसाय ठप होने के कारण परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो गया है।
छह महीने पहले हुए भारी हिमपात के कारण घाटी के बटमालू स्थित कालीन के शोरूम और वेयर हाउस में रखा सारा सामान खराब हो गया था। मुदस्सर अहमद गड्डा ने बताया कि हिमपात के चलते उनका सारा व्यवसाय ठप हो गया था।
अभी वह इस नुकसान की मार से उबर कर अपने व्यापार को नये सिरे से शुरू कर ही रहे थे कि अब बाढ़ ने कहर बरपा दिया। बाढ़ के कारण सारा पानी शोरूम और वेयर हाउस में घुसने के कारण सारा सामान बर्बाद हो गया है।
उन्होंने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि सैलाब का पानी इतना ऊपर चला जाएगा और यहां पर रहने वाले लोगों की जिंदगी को बर्बाद कर देगा।
उन्होंने बताया कि पानी के उतरने के बाद वह अपने परिवार के साथ अपने शोरूम में पहुंचे तो सारा सामान पानी और मिट्टी से भरा हुआ था। उन्होंने बताया कि कालीन और साज सजावट का सारा सामान खराब हो चुका है।