बम बम भोले और जय शिव शंकर के जयकारों के बीच वीरवार को 9482 श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दरबार में हाजिरी दी। इसके साथ अब तक की 22 दिन की श्री अमरनाथ यात्रा 2025 में दर्शनार्थियों का आंकड़ा 3.5 लाख पहुंच गया है। अब तक 352139 यात्री दर्शन कर चुके हैं। अभी 9 अगस्त तक अंतिम दर्शन होंगे। जिससे यह आंकड़ा चार लाख के पार जाने की उम्मीद है।
भोले के जयघोष के बीच वीरवार को 6805 पुरुष, 2130 महिलाओं, 137 बच्चों, 73 साधु, 3 साधवी और 4 ट्रांसजेंडरों बाबा के दरबार में नतमस्तक हुए। इसमें 330 सुरक्षा कर्मी भी शामिल रहे। पारंपरिक बालटाल और पहलगाम से अमरनाथ यात्रा जारी है। पिछले आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो वर्ष 2024 में 20 दिन में 3.5 लाख का दर्शनार्थी आंकड़ा पार हुआ था।
तब 372441 श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे। इसी तरह वर्ष 2023 और 22 में 27 दिन की यात्रा में यह आंकड़ा पहुंचा था। अब तक मौसम ने शिवभक्तों का पूरा साथ दिया है। सिर्फ एक ही दिन यात्रा में खराब मौसम के कारण रुकावट आई है।
इस बीच यात्री निवास भगवती नगर से कड़ी सुरक्षा के बीच 3500 श्रद्धालुओं के जत्थे को कश्मीर के लिए रवाना किया गया। मंगलवार व बुधवार को जिले में कई जगहों पर बारिश के बाद मौसम खराब रहा। इसके बाद भी गुरुवार को यात्री निवास भगवती नगर में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला नजर आया। रेलवे रोड स्थित सरस्वती धाम व आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के आने व जाने का क्रम बना हुआ है।