जम्मू। जिले में अब व्यापारिक प्रतिष्ठान देर रात तक खुले रह सकेंगे। इस मुद्दे को चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने मंडलायुक्त जम्मू संजीव वर्मा और एसएसपी जम्मू के समक्ष उठाया था, जिस पर अधिकारियों ने सहमति जताई है। कोरोना के चलते मौजूदा समय में प्रतिष्ठान खोलने का समय सुबह नौ से रात नौ बजे तक था। कारोबारियों ने प्रतिष्ठानों को देर रात तक खोलने की मांग की थी। चैंबर प्रधान अरुण गुप्ता ने बताया कि मंडलायुक्त और एसएसपी ने इसके लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं और अब शहर और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिष्ठान रात 10 से 10.30 बजे तक खुले रह सकते हैं। हालांकि एक उच्चाधिकारी के अनुसार अभी तक औपचारिक तौर पर ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
-----------
कारोबारियों की समस्याओं पर मंथन
जम्मू। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रधान अरुण गुप्ता और अन्य पदाधिकारियों के साथ शनिवार को विभिन्न मार्केट एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने बैठक कर कारोबार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
इन मुद्दों में कोरोना महामारी के कारण वेव मॉल में एक मार्च से अब तक के किराये को माफ करना, बाहु प्लाजा के हितधारकों के किराये के मुद्दे को जल्द निपटाना, ट्रांसपोर्ट नगर में सड़कों और नालियों को दुरुस्त बनाना शामिल हैं। इसके अलावा शहर में ई-रिक्शा सुविधाएं शुरू करना, शहर में आईएसबीटी के संबंध में सामान्य बस स्टैंड जम्मू में पिक एंड ड्रॉप की सुविधा होना, ई-वे बिल की सीमा 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख करने, शहर में पार्किंग स्लॉट बढ़ाना आदि मुद्दे भी बैठक में उठाए गए। प्रधान ने कहा कि सभी मुद्दों पर गंभीरता से काम किया जाएगा। इस दौरान अनिल गुप्ता, राजीव गुप्ता, गौरव गुप्ता, राजेश गुप्ता, राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।