जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान खत्म होते ही अलग-अलग चैनलों और एजेंसियों के एग्जिट पोल्स के नतीजे सामने आने लगे हैं।
इन एग्जिट पोल्स्ा के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में बीजेपी का मिशन 44 प्लस पूरा होता नहीं दिख रहा है। पोल्स के मुताबिक पीडीपी सबसे बड़ी पार्टी बनती नजर आ रही है।
एग्जिट पोल के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व की नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार को बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि रियासत में कोई भी पार्टी अपने दम पर बहुमत हासिल करती नहीं दिख रही है।
सी वोटर का एग्जिट पोल
सी वोटर के मुताबिक 87 सीटों वाले जम्मू-कश्मीर में पीडीपी और बीजेपी दोनों के बीच कांटे की टक्कर है। पीडीपी के सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरने के आसार हैं, जबकि बीजेपी दूसरी बड़ी पार्टी के तौर पर आ सकती है, लेकिन तस्वीर साफ नहीं है कि अगली सरकार कौन सी पार्टी बनाएगी।
एग्जिट पोल के मुताबिक पीडीपी 32-38 सीटें जीत सकती है, जबकि बीजेपी की झोली में 27-33 सीटें जा सकती है। सत्ताधारी नेशनल कॉन्फेंस 8-14 सीटों पर सिमट जाएगी। लोकसभा चुनावों की तरह यहां पर भी कांग्रेस का हाल बहुत बुरा होने वाला है। पोल के मुताबिक कांग्रेस के 4-10 सीटों पर जीतने के अनुमान हैं। अन्य के खाते में 2-8 सीटें जा सकती हैं।
एबीपी-नील्सन का चुनावों पर सर्वे
एबीपी-नील्सन के एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी को 27 से 33, पीडीपी को 32-38, नेशनल कॉन्फ्रेंस को 8-14 और अन्य को 2-8 सीटें मिल सकती हैं।
न्यूज नेशन के एग्जिट पोल में जम्मू कश्मीर में बीजेपी पीडीपी को कड़ी टक्कर देने की भविष्यवाणी। इस एग्जिट पोल के मुताबिक कश्मीर में बीजेपी को 22-26, पीडीपी को 29-33, एनसीपी को 12-16, कांग्रेस को 5-9 और अन्य को 9 सीटें मिलने का अनुमान।
NWS के मुताबिक झारखंड में बीजेपी को 37-45, जेएमएम को 15-23, कांग्रेस को 3-7, जेवीएम को 4-8 और अन्य को 7-13 सीटें मिल सकती हैं।