राजोरी जिले के सुंदरबनी क्षेत्र में एलओसी से घुसपैठ कर आए चार फिदायीनों को सेना और सुरक्षा बल के जवानों मुठभेड़ में ढेर कर दिया। ये सुंदरबनी में सीआरपीएफ और बीएसएफ कैंपों पर फिदायीन हमला करने आए थे।
आतंकियों से तीन बैगों में हथियार और गोलाबारूद बरामद हुआ है। आतंकी मुठभेड़ के बाद प्रशासन ने सुंदरबनी तहसील के सभी स्कूलों को एहतियातन बंद करने के आदेश दिए हैं। देर शाम को मुठभेड़ को खत्म कर दिया गया।
डीजीपी एसपी वैद ने बताया कि इन आतंकियों ने चार से पांच दिन पहले एलओसी से घुसपैठ की थी। ये सुंदरबनी-नौशेरा क्षेत्र के जंगलों में पनाह लिए थे। मंगलवार की देर रात स्थानीय लोगों ने बीएसएफ और सीआरपीएफ कैंपों से कुछ ही दूरी पर खाने पीने का सामान पड़ा देखा तो उन्हें शक हुआ।
उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। खुफिया एजेंसियों तक जानकारी पहुंचने पर क्षेत्र में आतंकी छिपे होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस और सेना ने सीमा सुरक्षा बल की 126वीं बटालियन और सीआरपीएफ की 72 बटालियन के कैंपों को चारों से घेर लिया। पूरी रात कड़ी सुरक्षा रखी गई।
बुधवार सुबह करीब दस बजे आतंकियों ने सीमा सुरक्षा बल के आयुध भंडार पर फिदायीन हमले का प्रयास किया, लेकिन वहां तैनात सेना की 61 आरआर, छह जाट 16 राजस्थान राइफल, 13 पंजाब रेजीमेंट तथा एसओजी के जवानों ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी।
करीब आठ घंटे तक आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई। शाम करीब पांच बजे सभी चार आतंकियों को ढेर कर दिया गया। मुठभेड़ में पुलिस, सेना, बीएसएफ और सीआरपीएफ को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
एसएसपी राजोरी युगल मन्हास ने बताया कि सुंदरबनी में सीआरपीएफ कैंप के नजदीक तीन बैग बरामद हुए हैं। इनमें हथियार और गोलाबारूद भरा है। सीआरपीएफ के पीआरओ आशीष कुमार झा ने बताया कि आतंकी सीआरपीएफ कैंप पर हमले की फिराक में थे।
सुबह हुई छोटी मुठभेड़
सुंदरबनी के जंगलों में आज सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एक छोटी मुठभेड़ हुई। बताया जा रहा है कि आतंकी जगंलों में छिप के बैठे थे इसी बीच जवानों को अपनी ओर आता देख उन्होंने फायरिंग की। हालांकि इस गोलीबारी का जवानों ने भी जवाब दिया। इसके बाद आतंकी भागने में कामयाब हो गए।