जम्मू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों ने वीसी सचिवालय के सामने कुलपति प्रो. मोहनपाल सिंह ईशर से मुलाकात की। पूर्व छात्रों ने मांग की कि वर्ष 2006 से 2012 के डिग्री होल्डर और पदक विजेताओं को भी इस दीक्षांत समारोह में शामिल होने का मौका दिया जाए।
पूर्व छात्रों के इस दल का नेतृत्व सरदार गुरजिंदर सिंह ने किया। दल में वर्ष 2006 से 2012 तक की छात्राएं भी शामिल रहीं। वर्ष 2007 बैच के बायोकेमिस्ट्री के टॉपर सरदार गुरजिंदर सिंह ने बताया कि हम लोग कुलपति से अपील करते हैं कि पुराने बैच के स्वर्ण पदक या पीएचडी होल्डर जितने भी विद्यार्थी हैं, उन्हें भी पहली सितंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह में शामिल होने का मौका मिलना चाहिए तथा मुख्य अतिथि राष्ट्रपति के हाथों उपाधियां मिलनी चाहिए।
इन विद्यार्थियों के दल ने कुलपति सचिवालय के सामने खड़े होकर बारिश के बीच इंतजार किया क्योंकि कुलपति एमबीए विभाग के कार्यक्रम में गए हुए थे। कुलपति ने दल को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस दीक्षांत समारोह का समय कम है, जिससे कई वर्षों के विद्यार्थियों के लिए अवसर मिल पाना कठिन हो पा रहा है। फिर भी इस दिशा में कोई निष्कर्ष निकाला जाएगा।