जम्मू यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित विभिन्न विभागों और मान्यता प्राप्त कालेजों में अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स में दाखिले के लिए वीरवार को जेयू प्रशासन की ओर से एंट्रेंस परीक्षा करवाई गई। सुबह दस बजे के साथ शुरू हुई एंट्रेंस परीक्षा के लिए विद्यार्थी निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्रों में पहुंचकर अपने रोल नंबर आदि की जांच कर रहे थे। एंट्रेंस परीक्षा देने के लिए विद्यार्थियों के बीच उत्साह तो था ही, साथ ही परीक्षा को लेकर थोड़ा-बहुत तनाव भी दिखा कि किस तरह का प्रश्न पत्र होगा और किस तरह के प्रश्न होंगे।
एंट्रेंस परीक्षा देने के लिए विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ आए और अभिभावकों ने भी अपने बच्चों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। परीक्षा देकर बाहर लौटने के बाद विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों सहित साथी सदस्यों से परीक्षा पत्र के प्रश्नों पर चर्चा की। अंडर ग्रेजुएट (यूजी) और पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) कोर्स के लिए करवाई गई एंट्रेंस परीक्षा में 12516 विद्यार्थियों में से करीब 11404 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। यूजी कोर्स के लिए 1607 विद्यार्थियों में से 1412 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 195 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे।
इसके साथ ही पीजी कोर्स की एंट्रेंस परीक्षा के लिए 10909 विद्यार्थियों में से 9992 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। विवि प्रशासन की ओर से इस बार एंट्रेंस परीक्षा में कई बदलाव कर एक ही दिन में एंट्रेंस परीक्षा का आयोजन किया था। विवि प्रशासन ने पूरे कड़े और सुरक्षा बंदोबस्त के बीच परीक्षा करवाई। विवि की ओर से चार जुलाई को परिणाम निकलने के बाद मेरिट लिस्ट के साथ दाखिले की प्रक्रिया को शुरू कर दिया जाएगा। शुक्रवार को विवि की ओर से एंट्रेंस परीक्षा से संबंधित आंसर की जारी कर दी जाएगी।