अमरनाथ यात्रा को लेकर बार्डर पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। खासकर सांबा और कठुआ जिलों के बार्डर से हाईवे को जोड़ने वाले रास्तों पर अतिरिक्त गश्त बढ़ाने को कहा है।
आईजी जम्मू दानेश राणा ने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि बार्डर के घुसपैठ वाले सभी रूट पर नजर रखें। खासतौर पर रात के समय। इसके लिए उक्त क्षेत्र में तैनात अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर काम करें। बार्डर को लेकर 24 घंटे सतर्क रहने को कहा गया है।
राणा ने बीएसएफ, सेना, पीएमएफ, यातायात पुलिस और सिक्योरिटी विंग के साथ तालमेल बढ़ाकर काम करने को कहा। सांबा और कठुआ के एसएसपी से कहा कि संयुक्त रूप से सांबा और कठुआ के बार्डर रूट पर नाका लगाएं।
इससे पहले आईजी ने वीरवार को निजी तौर पर खुद लखनपुर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कहा कि बहुत सी एजेंसियों से यात्रा को लेकर तरह तरह के इनपुट आ रहे हैं। ऐसे में यात्रा की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन गई है। आईजी ने नृसिंह मंदिर घगवाल, नौनाथ आश्रम घगवाल, चीची माता मंदिर आदि में लंगरों की सुरक्षा जांची।