बारिश और बर्फबारी के चलते स्थगित दसवीं और 12वीं की बोर्ड की परीक्षा के अंग्रेजी के पेपर की नई तारीख का ऐलान जम्मू-कश्मीर बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन की तरफ से कर दिया गया है। अब यह पेपर सात और नौ अप्रैल को आयोजित होंगे।
गौरतलब है कि जब से राज्य में बोर्ड की परीक्षाएं आरंभ हुई हैं, तब से ही मौसम की मार परीक्षाओं पर पड़ रही है। अभी तक कई बार बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करना पड़ा है। 30 मार्च को विंटर जोन में 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की बोर्ड की परीक्षा थी।
लेकिन भारी बारिश को देखते हुए बोर्ड ने इस पेपर को स्थगित कर दिया। 31 मार्च को दसवीं कक्षा के अंग्रेजी का पेपर था। इसको भी बारिश के कारण स्थगित करना पड़ा।
बोर्ड की तरफ से मंगलवार को इनकी नई तारीख का ऐलान किया गया। दसवीं कक्षा का स्थगित किया गया अंग्रेजी का पेपर अब सात अप्रैल और 12वीं का पेपर नौ अप्रैल को लिया जाएगा। पेपर का समय पहले वाला ही रहेगा।