जम्मू। शहर में शटर के नीचे लक्ष्मण रेखा (येलो लाइन) खींचने पर दुकानदारों और कारोबारियों में गुस्सा है। मोती बाजार और शिवाजी चौक समेत अन्य बाजारों के दुकानदारों ने दो फुट जगह देने की मांग की है। हालांकि, अभी तक नगर निगम की ओर से कोई भी निर्देश जारी नहीं हुए हैं। अब डिवकॉम से बैठक के बाद ही बाजार बंद रखने पर व्यापारी फैसला लेंगे।
सोमवार को मोती बाजार एसोसिएशन की ओर से जगह नहीं मिलने पर मंगलवार से दुकानें बंद रखने का फैसला लेना था, जिसे फिलहाल टाल दिया गया है। अब व्यापारियों की डिवकॉम से बैठक होगी। इसमें मांगों को उठाया जाएगा। मांगें पूरी नहीं होने पर व्यापारी हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। मोती बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदन गुप्ता ने कहा कि मंगलवार से हड़ताल पर जाना था मगर अभी कुछ तय नहीं हुआ है। एसोसिएशन चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के फैसले का इंतजार कर रही है। मंगलवार को डिवकॉम से होनी वाली बैठक के बाद निर्णय लिया जाएगा।
इसके बाद रणनीति बनाई जाएगी। मांगें हल नहीं होने पर दुकानें बंद रखी जाएंगी। मौजूदा समय में सामान रखने के लिए जगह नहीं बची है। इससे दुकानदार परेशान हैं। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने कहा कि डिवकॉम से समय मांगा है। मंगलवार को शाम को बैठक होने की संभावना है। मांगें हल नहीं होने पर बाजार बंद रखने पर फैसला लिया जाएगा। मौजूदा समय में नगर निगम की कार्रवाई से दुकानदार आहत हैं। दुकानों में सामान रखने के लिए जगह नहीं है।
पहले पहाड़ियां मोहल्ले में हुआ था विरोध
दुकानों के शटर के नीचे पीली लाइन खींचने पर सबसे पहले पहाड़ियां मोहल्ले में दुकानदारों ने विरोध जताया था। दुकानदारों का कहना है कि यहां पर मेटाडोर नहीं चलती हैं। ऐसे में सामान रखने की छूट दी जाए। दुकानों में सामान रखने को जगह ही नहीं है।
तमाम बाजारों में शटर के नीचे ही येलो लाइन खींची जा रही है। इससे बाजारों में जाम की समस्या हल होगी। साथ ही पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा मिलेगी। सामान दुकानें के आगे रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
- हितेश गुप्ता, संयुक्त आयुक्त इन्फारसमेंट विंग, नगर निगम जम्मू