अखनूर। म्यूनिसिपल कमेटी ने मंगलवार को बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान कमेटी की कार्रवाई में दुकानदारों ने रास्ता रोक कर विरोध किया। कमेटी अधिकारियों और दुकानदारों में इस मुहिम को लेकर काफी बहस हुई। कार्रवाई के दौरान 6700 रुपये जुर्माना किया गया।
ईओ रजत ओबेरोल और खिलाफ वर्जी इंस्पेक्टर कुलदीप शर्मा की अगुवाई में टीम ने बस अड्डा, मुख्य बाजार, राजा बाजार सहित अन्य बाजार में फुटपाथ से अतिक्रमण हटाया। मुख्य बाजार में टीम के पहुंचने पर बड़ी संख्या में दुकानदार एकत्रित होकर कमेटी की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। दुकानदारों की टीम सदस्यों के साथ कहासुनी हो गई। दुकानदारों ने कहा कि बाजार में इन दिनों मंदी का दौर चल रहा है। बेवजह कमेटी दुकानदारों को अतिक्रमण के नाम तंग कर रही है। यह कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। कमेटी की तरफ से ऐसी कार्रवाई फिर की गई तो आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ेगा।
खिलाफ वर्जी इंस्पेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि बाजारों में अतिक्रमण के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।