संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। नगर निगम आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने मंगलवार को शहर के गुम्मट बाजार, भगत सिंह चौक, ज्वेल, डोगरा चौक, एमए स्टेडियम, साइंस कॉलेज, कैनाल हेड, मोहिंदर नगर व महेशपुरा चौक सहित विभिन्न इलाकों का दौरा किया। निरीक्षण अभियान में सड़कों और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे और बिना अनुमति से लगाए गए स्टाल हटाए गए।
उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अवैध कब्जे हटाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। आयुक्त ने सड़कों, गलियों, नालियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की सफाई व्यवस्था व नगर निगम की ओर से चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। डॉ. यादव ने कहा कि घर-घर कचरा उठाने की व्यवस्था नियमित की जाए। गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग इकट्ठा किया जाए।