सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को घेर रखा है। दोनों तरफ से गोलियां चली हैं। देर रात तक सुरक्षाबलों का आतंकियों के खिलाफ बेहद आक्रामक और बड़ा ऑपरेशन जारी था।
श्री अमरनाथ यात्रा के चलते पूरे जम्मू-कश्मीर में मजबूत सुरक्षा घेरे के बीच शनिवार को शोपियां के सैदपोरा पाईन इलाके में आतंकियों से मुठभेड़ हो गई। सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को घेर रखा है। दोनों तरफ से गोलियां चली हैं। देर रात तक सुरक्षाबलों का आतंकियों के खिलाफ बेहद आक्रामक और बड़ा ऑपरेशन जारी था।
विज्ञापन
पुलिस विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सैदपोरा पाईन इलाके में आतंकियों की मौजूदगी के पुख्ता और सटीक इनपुट मिले थे। इसके बाद सेना की 44 आरआर, सीआरपीएफ की 14वीं बटालियन और पुलिस के एसओजी के जवानों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार आतंकी एक ठिकाने में छिपे थे। सटीक लोकेशन मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने घेरा कड़ा किया। जवान जब ठिकाने के करीब पहुंचे तो आतंकियों जान बचाकर भागने के लिए फायरिंग कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की और आतंकियों को उलझा लिया। सुरक्षाबलों ने आतंकियों के भागने के सभी रास्ते सील कर दिए हैं। घेराबंदी को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत कर दिया है। तलाशी अभियान लगातार जारी है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।