आतंकियों के खिलाफ मोर्चा लेते सुरक्षाकर्मी
- फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)
कश्मीर घाटी में डीडीसी चुनाव में गड़बड़ी फैलाने की फिराक में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) से घुसे दो पाकिस्तानी आतंकियों को पुंछ जिले के सुरनकोट क्षेत्र के पोशाना इलाके में मार गिराया गया। चार घंटे तक चले ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने तीसरे आतंकी (स्थानीय) को गिरफ्तार कर लिया। यह आतंकी तीन दिन पहले एलओसी से घुसपैठ कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए थे। तीनों मुगल रोड के रास्ते कश्मीर के शोपियां में दाखिल होने की फिराक में थे, तभी सुरक्षा बलों ने उन्हें घेर लिया।
कश्मीर में मतदान को लेकर उत्साह से बौखलाए पाकिस्तान ने लश्कर-ए-ताइबा ने आतंकियों के दल को इस पार चुनाव में खलल डालने के लिए धकेला था। सुरक्षा बलों को डोगरेयां से पोशाना क्षेत्र में स्थित एक पशु बाड़े में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद दूरदराज तत्तापानी-दुर्गान गांव में सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया।
ढाई से तीन फुट बर्फ में ढके इलाके में दोपहर बारह बजे सुरक्षा बलों का आतंकियों से सामना हो गया। उन्हें आत्मसमर्पण को कहा गया लेकिन आतंकियों ने गोलियां चलाना शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। चार घंटे चली मुठभेड़ में दो आतंकी मार गिराए गए।
अधिकारियों ने बताया कि सभी आतंकी तीन दिन पहले पीओके से घुसपैठ कर दाखिल हुए थे। सूचना पर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन बर्फबारी के कारण इसमें बाधा पहुंची। रविवार की सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया तो आतंकियों को घेरने में सफलता मिली।
दो एके 47, यूबीजीएल व सैटेलाइट फोन बरामद
आईजी मुकेश सिंह ने बताया कि मारे गए आतंकियों की शिनाख्त साजिद और बिलाल के रूप में हुई है। इनके पास से दो एके 47 राइफल, एक यूबीजीएल और एक सैटेलाइट फोन बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि सभी लश्कर से जुड़े थे। पकडे़ गए आतंकी से पूछताछ की जा रही है।