पुलिस ने बताया कि कोकरनाग के अहलान गडोल इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षाबलों को नजदीक आते देख छिपकर बैठे आतंकियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। इससे मुठभेड़ शुरू हो गई। गोलीबारी में छह जवान घायल हो गए। इन्हें तत्काल निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान इनमें से दो जवानों ने दम तोड़ दिया।
सेना के अनुसार फायरिंग के दौरान दो नागरिक भी घायल हुए हैं। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों नागरिकों के आतंकियों के साथ संबंध तो नहीं रहे हैं। ऑपरेशन में जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी), सेना की 19 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और सीआरपीएफ के जवानों को लगाया गया है।
मुठभेड़ शुरू होते ही अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया है। पूरे इलाके में रोशनी कर घेराबंदी की गई है ताकि आतंकियों का सफाया किया जा सके। घना जंगल होने के कारण सुरक्षा बलों की ओर से सतर्कता बरतते हुए कार्रवाई की जा रही है ताकि और अधिक जानी नुकसान न होने पाए।