जम्मू-कश्मीर के त्राल में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच सोमवार शाम मुठभेड़ शुरू हो गई है। सुरक्षाबल सोमवार सुबह से ही इस इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना के बाद से ही सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। जिसके बाद शाम को यहां आतंकियों ने खुद को घिरा देख सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी।
सूत्रों की माने तो यह मुठभेड़ त्राल के रेशी मोहल्ले में शुरू हुई है। माना जा रहा है कि तीन आतंकियों को सुरक्षाबलों ने घेर रखा है। दोनों तरफ से फायरिंग जारी है। 42 राष्ट्रीय राइफल्स, 180 बटालियन सीआरपीएफ और एसओजी की संयुक्त टीम इस मुठभेड़ को लीड कर रही है।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है ताकि आतंकी मौके का फायदा उठाकर भाग न निकलें। एसएसपी अवंतीपोरा ताहिर सलीम ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। सूत्रों का कहना है कि दो से तीन आतंकी फंसे हुए हैं। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही काफी संख्या में लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध शुरू कर दिया है।