जम्मू। उत्तर रेलवे की ओर से कन्वेंशन सेंटर में रोजगार मेला लगाया जाएगा। इसका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल मोड से उद्घाटन करेंगे।
रेलवे बोर्ड द्वारा भर्ती किए गए युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इनमें जम्मू-कश्मीर के कुल 237 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलेंगे। रेलवे के सबसे अधिक 190, डाक विभाग के 24, स्वास्थ्य के 13 और बीएसएफ के तीन उम्मीदवार शामिल हैं। देशभर में रेलवे समेत सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त युवाओं को 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। मेला युवाओं को सशक्त बनाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। देश भर में रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक 10 लाख से अधिक भर्ती पत्र जारी किए जा चुके हैं।
16वां रोजगार मेला देश भर में 47 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। ये भर्तियां केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में हो रही हैं। देश भर से चयनित नए कर्मचारी रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय सहित अन्य विभागों और मंत्रालयों में शामिल होंगे। ब्यूरो