त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को बिजली कटौती से राहत नहीं मिल पाई है। कारण एक तो आरएपीडीआरपी प्रोजेक्ट पर जारी कार्य और दूसरा पनबिजली परियोजनाओं में लगातार उत्पादन गिरने का सिलसिला जारी होना है। यही नहीं, जम्मू में दरबार मूव कार्यालय नौ नवंबर को खुलने के बाद बिजली की मांग भी बढ़ने वाली है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आरएपीडीआरपी प्रोजेक्ट पर जारी कार्य के चलते 31 अक्तूबर समेत दो, 4, 6, 8 और 9 नवंबर को सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक रामशरणम आश्रम, रामलीला पार्क, लोअर शिव नगर, अपर शिव नगर, आप शंभू, अपर रूप नगर, भारत नगर, वसंत विहार, धरमाल, संग्रामपुर में घंटों बिजली की आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
सर्दियों के चलते नदियों में जल स्तर कम होने पर पनबिजली उत्पादन गिरने का सिलसिला जारी है। अब तक लगभग 30 से 40 फीसदी उत्पादन कम हो चुका है। पहले ही बिजली की उपलब्धता और मांग में करीब एक हजार मेगावाट का अंतर झेल रही रियासत में इस वजह से सर्दी के मौसम में भी सुचारु बिजली आपूर्ति होने के फिलहाल आसार कम ही दिख रहे हैं।