रियासी। जिले में मौजूद 11 गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों के प्रधान पद के लिए भरे सभी नामांकनों को मंगलवार को सही पाया गया। इससे लगभग तय हो चुका है कि इस बार प्रबंधक समितियों के चुनाव नहीं होंगे।
11 प्रबंधक कमेटियों के लिए आपसी सहमति के बाद 11 लोगों ने ही नामांकन भरा था। मंगलवार को हुई स्कूटनी के बाद लगभग तय हो गया है कि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के लिए लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं करेंगे। क्योंकि, हर एक कमेटी से केवल एक ही प्रत्याशी मैदान में है। राजस्व विभाग के अतिरिक्त उपायुक्त संजय बड़याल ने बताया कि 9 जून तक कोई भी व्यक्ति अपना नामांकन वापस ले सकता है।
इस स्थिति में उक्त कमेटी को खाली रखा जाएगा। बाद में प्रक्रिया को चलाया जाएगा। किसी भी नामांकन के वापस न होने पर वीरवार को सभी को अधिकारिक तौर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का प्रधान नियुक्त किया जाएगा। चुनाव होने के असार कम ही हैं।
-----
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के लिए हुए नामांकन
जिले की गुरुद्वारा कमेटी पौनी में दीदार सिंह ने नामांकन किया है। इसी तरह लैड के गुरमीत सिंह ने, पुरेया के लिए करणजीत सिंह ने, कैलख के लिए बलबीर सिंह ने, भारख के लिए जनक सिंह ने, खैरालेड़ के लिए अतर सिंह ने, बयुलियां गझोड़ के लिए राजिंदर सिंह ने, कटड़ा के लिए रविंदर सिंह ने, तुली के लिए प्रदीप सिंह ने, गोटा के लिए स्वर्ण सिंह ने और जेडी के लिए राजिंदर सिंह ने नामांकन किया है।