बाड़ी ब्राह्मणा। जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में भी लोगों ने बढ़कर चढ़कर भाग लिया। चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में शांति पूर्वक संपन्न हो गए। बाड़ी ब्राह्मणा ए और बाड़ी ब्राह्मणा बी सीट के लिए मंगलवार को वोट पड़े। बाड़ी ब्राह्मणा ए सीट पर 63.10 प्रतिशत और बी सीट पर 69.13 प्रतिशत मतदान हुआ।
ए सीट पर कुल 11865 मतदाता थे जिनमें से 7488 मतदान के लिए केंद्रों में पहुंचे। इनमें 4138 पुरुष और 3350 महिलाएं शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर बी सीट पर कुल 14116 मतदाता थे जिसमें से 9758 ने मतदान किया, इनमें 5266 पुरुष और 4492 महिलाएं शामिल हैं। कोरोना महामारी के चलते मतदान केंद्रों में लोगों को मास्क और सैनिटाइजर की सुविधा भी दी गई।