दो दिसंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार रविवार की शाम थम गया। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन नेशनल कांफ्रेंस, कांग्रेस और भाजपा ने प्रचार में अपनी ताकत झौंकी दी। पुंछ में आयोजित रैलियों में सभी पार्टियों के प्रत्याशियों और स्टार प्रचारकों ने वोटर्स को लुभाया।
पुंछ के सूरजकोट के शिरडी ख्वाजा इलाके में आयोजित कांग्रेस की रैली में गुलाम नबी आजाद ने भाजप और नेकां पर जमकर हमला किया। आजाद ने कहा कि आरएसएस सांप्रदायिकता को बढ़ावा दे रही है। पहले चरण में हुई बंपर वोटिंग से भाजपा की हवा निकल गई है और दूसरे चरण में भी जनता को ऐसा ही करना होगा तभी सांप्रदायिक ताकतों को रियासत से बाहर रखा जा सकेगा।
वहीं कांग्रेस नेता सैफुद्दीन सोज ने नेकां पर हमला करते हुए कहा कि, केंद्र में जब यूपीए की सरकार थी तब कांग्रेस ने देश भर में फूड सिक्योरिटी एक्ट देश भर में लागू कराया लेकिन नेकां सरकार ने 370 को ढाल बनाकर इसे लागू नहीं होने दिया। अगर रियासत में कांग्रेस की सरकार बनती है तो रियासत में भी यह एक्ट लागू किया जाएगा जिससे जनता को गेंहू और चावल सस्ती दरों पर मिल सके।
वहीं नेशनल कांफ्रेंस के प्रत्याशी के लिए प्रचार के लिए पुंछ पहुंचे उमर ने कांग्रेस पर हमला किया। उमर ने कहा कि बीते छह साल से नेकां के साथ कांग्रेस सत्ता में थी। अब वह हर अच्छे काम का क्रेडिट खुद ले रहे हैं जबकि हर बुरे काम की जिम्मेदारी हमारे उपर डाल रहे हैं। वहीं पीएम मोदी पर हमला करते हुए उमर ने कहा कि, मोदी कहते हैं कि उन्हें रिफ्युजियों की चिंता है, तो फिर उन्होंने रिफ्युजियों का 25 लाख करोड़ वाला पैकेज क्या ठुकराया। भाजपा की तरफ से केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने भी पार्टी प्रत्याशियों का प्रचार किया।
रियासी, उधमपुर, पुंछ, कुपवाड़ा और कुलगाम जिले की 18 सीटों के लिए 175 प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल 15.35 लाख मतदाता इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव में चार मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए शनिवार को मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) उमंग नरूला ने इन सभी जिलों के जिलाधिकारी तथा पुलिस प्रमुखों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से चुनाव तैयारियों तथा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।
दूसरे चरण में चार मंत्रियों में कुपवाड़ा से मीर सैफुल्ला (नेकां), हंदवाड़ा से चौधरी मोहम्मद रमजान (नेकां), नूराबाद से सकीना इट्टू (नेकां) और गुल अरनास से एजाज अहमद खान (कांग्रेस) की साख दांव पर है। कुल 15.35 लाख मतदाताओं में 812809 पुरुष और 722269 महिला मतदाता हैं। थर्ड जेंडर के नौ मतदाता भी वोट डालेंगे। चुनाव के लिए 2181 बूथ बनाए गए हैं।
सीईओ के अनुसार चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सारी तैयारियां कर ली गई हैं। सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रहेंगे। इन सीटों के लिए होगा मतदान गुलाबगढ़, रियासी, गुल अरनास, उधमपुर, चिनैनी, रामनगर, सूरनकोट, मेंढर, पुंछ हवेली, करनाह, कुपवाड़ा, लोलाब, हंदवाड़ा, लंगेट, नूराबाद, कुलगाम, होमशालिबग और देवसर।