जम्मू। बुधवार को भीषण गर्मी के कारण लोगों का बुरा हाल रहा। इसके साथ ही मंगलवार देर शाम ग्रिड स्टेशन कनाल रोड में 50 एमबीए का ट्रांसफार्मर फेल हो गया। इस कारण बिजली की आपूर्ति सुचारु रूप से नहीं हो पाई। लोगों को मंगलवार रात को लंबे कटों का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर रात भर बिजली नहीं आई। इस कारण लोगों को छतों पर रात बितानी पड़ी।
उधर, दिन के समय भी काफी कट लगे। समस्या का निदान बुधवार देर शाम तक नहीं हो पाया। नानक नगर, शास्त्री नगर, सैनिक कालोनी, सिद्दड़ा, नई बस्ती, अशोक नगर, लोअर शिव नगर, कनाल रोड, कृष्णा नगर, रेशमघर कालोनी, बख्शी नगर, ओल्ड सिटी, कनक मंडी, मोती बाजार समेत अन्य जगहों पर बिजली गुल रही। ट्रांसफार्मर के काम न करने के बाद अन्य विकल्पों के माध्यम से शहर में बिजली मुहैया कराई गई। लोअर शिव नगर में लोड बढ़ने से बिजली की तार टूट गई। तारों की मरम्मत का कार्य बुधवार पूरे दिन चलता रहा। वहीं, बिजली मंडल टू में कोरेेना संक्रमण मरीज आने के बाद मंडल को बंद रखा गया। इस कारण भी मरम्मत कार्य में दिक्कतें आई हैं। मंडल दो में लगभग पूरा स्टाफ छुट्टी पर है। अन्य जगहों में सेवारत कर्मचारियों को बुलाया गया और उनसे काम कराया गया है। बिजली विभाग के अनुसार बिजली आपूर्ति वीरवार को ही बहाल हो पाएगी।
ग्रिड स्टेशन में ट्रांसफार्मर फेल हो गया। इस कारण शहर में बिजली की समस्या उत्पन्न हो गई है। अन्य विकल्पों से लाइनों को जोड़ा गया है और बिजली आपूर्ति कराई गई है। समस्या के निदान के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
पीडी सिंह, एक्सएइन, बिजली विभाग