ज्यौड़ियां। पंचायत रजवाल के चार वार्डों में चार दिन से बिजली बंद है। इससे लोग परेशान हैं।
बुधवार की शाम को क्षेत्र में आए तूफान से वार्ड तीन निवासी हरबंस लाल के घर के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन टूट गई थी। इसमें हरबंस लाल का परिवार व अन्य मोहल्ले के लोग बाल बाल बचे थे। इसके चलते मोहल्ले के लोग टूटी तार को जोड़ने नहीं दे रहे हैं।
लोगों का कहना है मोहल्ले के ऊपर से गुजर रही यह तार कई बार टूट चुकी है। वे और उनके मवेशी हादसे का शिकार हो चुके हैं। हरबंस लाल ने बताया कि उनका परिवार कई बार बाल बाल बचा है। उनका बेटा व पत्नी एक बार तार के टूटने से करंट की चपेट में भी आ गए थे। मोहल्ले में ही इस तार के करंट से एक घोड़े की मौत हो चुकी है। अब हम इस तार को मोहल्ले के ऊपर से नहीं जोड़ने देंगे। इसके चलते मोहल्ले के लोगों ने एकत्रित होकर शनिवार की सुबह बिजली विभाग के खिलाफ रोष भी जताया। लेकिन बिजली विभाग की तरफ से लोगों के साथ किसी भी तरह से सहयोग नहीं किया जा रहा है। शनिवार की शाम डीडीसी भलवाल ब्रहमणा भूषण बराल ने हस्तक्षेप कर मामले को सुलझाया। बताया जा रहा है कि मोहल्ले के लोगों ने आपस में से पैसे एकत्रित कर तार व खंभे और तार को मोहल्ले के बाहर करने का फैसला लिया है।