इकजुट जम्मू पर निशाना साधने वाली पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती पर इजकुट जम्मू ने भी पलटवार किया है। संगठन ने महबूबा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हर मोर्चे पर महबूबा की मंशा का पर्दाफाश करने से वह बौखला गई हैं। जम्मू की आवाज उठना उनको पसंद नहीं आ रहा। इसलिए हमें टारगेट कर रहे हैं।
इकजुट जम्मू के अध्यक्ष एडवोकेट अंकुर शर्मा ने कहा कि जम्मू के गुज्जर बक्करवाल समुदाय का कश्मीर बेस्ड पार्टियां इस्तेमाल कर रही हैं। इनके सहारे जम्मू मे सांप्रदायिक माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। इसलिए कहा जा रहा है कि जम्मू के गुज्जर बक्करवाल समुदाय के लोगों को तंग किया जा रहा है।
महबूबा इसलिए 2018 में हुए आदेश को लागू करने की रिपोर्ट मांग रही हैं। महबूबा ने ही आदेश दिया था कि जम्मू के एक विशेष समुदाय को अतिक्रमण करने से न रोका जाए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को इन पर कोई कार्रवाई न करने के लिए कहा था।
अंकुर ने कहा कि महबूबा बौखलाहट में बोल रही हैं। जम्मू कश्मीर में हिंदू अल्पसंख्यक हैं, यह सुप्रीम कोर्ट में साबित हो चुका है। बावजूद इसके महबूबा मुफ्ती मुस्लिम समुदाय को अल्पसंख्यक का दर्जा देने को कह रही हैं।