सांबा। जिला पुलिस ने चोरी के एक मामले में गिरोह का पर्दाफाश किया है। आठ लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से सोने के गहनों समेत चोरी किया गया 11 लाख रुपये का समान भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार कि महल शाह, रामगढ़ की एक रेनू शर्मा ने शिकायत दायर करवाई थी कि वह विजयपुर से सांबा तक बस यात्रा कर रही थी। इस दौरान उनके सोने के गहने चोरी हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी और भौतिक निगरानी का उपयोग करके तीन संदिग्धों की पहचान कर धरपकड़ शुरू की। शमीमा, ताहिरा, और फैयाज अहमद निवासी भगवती नगर जम्मू को हिरासत में लिया तो पूछताछ में गिरोह का खुलासा हुआ। गिरोह में इनके अलावा अब्दुल रशीद शेख, मोहम्मद अल्ताफ शेख निवासी परिम्पोरा घाट श्रीनगर और अरनिया के अलावा जम्मू का दर्शन लाल भी शामिल था। इन्हें भी पूछताछ के लिए तुरंत हिरासत में लिया गया। इनके कब्जे से चोरी किए कुछ सोने के आभूषण बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार कि अब्दुल रशीद शेख और मोहम्मद अल्ताफ शेख के खुलासे पर शाहनवाज हुसैन और इम्तियाज हुसैन मीर निवासी सुल्तानपोरा, पट्टन बारामूला की गिरफ्तारी हुई। इन पर आरोप है कि इन्होंने चोरी के आभूषण खरीदे थे। सोने के कंगन, चेन, अंगूठियां और अन्य कीमती सामान सहित लगभग 11 लाख रुपये का चोरी किया गया सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने मामला दायर कर जांच शुरू कर दी है।