सांबा। नड़ स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएमश्री) कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाली प्रसिद्ध तीरंदाज शीतल देवी के जीवन और उनकी उपलब्धियों पर केंद्रित थी।
विद्यालय की छात्राओं दिव्यांशी कल्सोत्रा, रिया बसोत्रा और विपुल ने शीतल देवी के जीवन पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए बताया कि कैसे बिना बाहों के जन्मी इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी ने कठिन परिस्थितियों को पार कर वैश्विक मंच पर सफलता हासिल की। शीतल देवी जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के एक ग्रामीण क्षेत्र से ताल्लुक रखती हैं, लेकिन अपनी अटूट लगन और भारतीय सेना के सहयोग से उन्होंने तीरंदाजी के क्षेत्र में अद्भुत उपलब्धियां प्राप्त कीं।
प्राचार्य सुनीत कुमार गुप्ता ने कहा, शीतल देवी का जीवन हमारी बालिकाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत है। उनकी कहानी साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से कोई भी बाधा पार की जा सकती है।
उप प्राचार्य डॉ. डी.एस. सकलानी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, यह कार्यक्रम न केवल प्रेरणा देता है, बल्कि यह भी सिखाता है कि जीवन की कोई भी सीमा हमारे सपनों की उड़ान में बाधक नहीं बन सकती। शीतल देवी का जीवन संघर्ष, संकल्प और सफलता की अद्वितीय मिसाल है।
इस कार्यक्रम का आयोजन विज्ञान शिक्षिका किरण भगत, विज्ञान ज्योति इकाई प्रभारी अशोक कुमार, ज्योति कटोच, एनसीसी प्रभारी मलकीत सिंह, इरशाद अहमद, ऐतिहासिक क्लब के संयोजक सरवर हुसैन, युवा टूरिज्म क्लब समन्वयक रोहित शर्मा और शारीरिक शिक्षिका रजनी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम संचालक इरशाद अहमद ने बताया, शीतल देवी जैसी प्रेरणादायक हस्तियों की जीवन गाथा को विद्यार्थियों तक पहुंचाना हमारा उद्देश्य है।
इस अवसर पर रविंद्र कुमार, पूनम कुमारी, सिद्धार्थ, सनी गुप्ता, शुभम, सुदेश कुमारी, लक्ष्मण, अर्जुन सिंह, मनीष कुमार, विवेक राणा, गारा राम, रिंकू राम, नीतू, रोनीका और शिवानी शर्मा सहित विद्यालय के कई शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं से शीतल देवी के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। इस प्रदर्शनी ने न केवल छात्रों को प्रेरित किया, बल्कि उन्हें यह विश्वास दिलाया कि कड़ी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।