आरएसपुरा। आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में सरकारी डिग्री कालेज आरएसपुरा में बुधवार को नशीली दवाओं के दुरुपयोग विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता हुई। कालेज के प्रधानाचार्य सुनील उप्पल की अध्यक्षता में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान कालेज के कई विद्यार्थियों ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर दुष्प्रभावों और स्वास्थ्य खतरों को उजागर करते पोस्टर बनाए।
प्रतियोगिता के दौरान पांचवें सेमेस्टर की सुरवी वर्मा ने पहला और शिवानी ने दूसरा स्थान पाया। जबकि तीसरे सेमेस्टर की लवली बोजत्रा और आशु ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का संचालन प्रो. स्वाति और प्रो. शीतल शर्मा ने किया। इस दौरान इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. नीलू गुप्ता मुख्य अतिथि और डा. सरमिष्ट शर्मा, एचओडी डोगरी विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन डा. किरण पठानिया, प्रो. विजय कुमारी और प्रो. निशा भगत ने किया। कालेज के प्रधानाचार्य सुनील उप्पल ने आयोजन समिति के प्रयासों और इस तरह की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए छात्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशा ऐसा विषय है जिस पर जितना भी जागरूक किया जाए उतना कम है। उन्होंने कहा कि समाज में आज युवा वर्ग नशे की लत में फंसाता जा रहा है। इसलिए हम सबका फर्ज है कि हम समाज को जागरूक बनाने के लिए जितना भी हो सके उतना प्रयास करें। उन्होंने कहा कि कालेज के विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग के माध्यम से इस नशे की आदतों के बारे में और इससे होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया है। इस अवसर पर प्रतियोगिता में विजेताओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।