धार्मिक शिक्षा के दौरान परिक्षा देते विद्यार्थी
- फोटो : RSPURA
मीरां साहिब। सिख धर्म तथा इतिहास के बारे में बच्चों को जागरूक करने के मकसद से गुरु तेग बहादुर सेवा सोसायटी की तरफ से रविवार को पंजाबी भाषा में धार्मिक परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के कुल 300 के करीब विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
गांव कीरपिंड स्थित मॉडल अकादमी तथा न्यू विक्रम स्कूल में आयोजित इस परीक्षा में विद्यार्थियों को पंजाबी भाषा में सिख इतिहास तथा धर्म के बारे में धार्मिक परीक्षा में शामिल बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। परीक्षा के आयोजक कैप्टन तरसेम सिंह, रागी भाई गुरविंदर सिंह आदि ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पंजाबी भाषा की अनदेखी करने पर युवा पीढ़ी को सिख इतिहास तथा धर्म के बारे में जागरूक बनाने के मकसद से गुरु तेग बहादुर सेवा सोसायटी आरएस पुरा की तरफ से इस परीक्षा का आयोजन किया गया है। अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को गुरु तेग बहादुर सेवा सोसायटी की तरफ से सम्मानित करने के साथ प्रमाणपत्र भी वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सिख धर्मों सहित अन्य धर्म के विद्यार्थियों द्वारा भी इस परीक्षा में हिस्सा लिया गया और परीक्षा का परिणाम 26 दिसंबर को आएगा। इस दिन ही बेहतर स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी अपने धर्म तथा इतिहास से जुड़ी रहे और उन्हें पूरी जानकारी हो इसी मकसद के साथ इस तरह की परीक्षा का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने के लिए हमें उन्हें अपने इतिहास के बारे में जागरूक बनाने की जरूरत है । उन्होंने बताया कि तीसरी कक्षा से लेकर दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने इस धार्मिक परीक्षा में हिस्सा लिया है और यह सभी विद्यार्थी क्षेत्र के दूरदराज गांव से पहुंचे हैं । उनके अनुसार आने वाले दिनों में भी ऐसे कार्यक्रमों तथा परीक्षाओं का आयोजन किया जाता रहेगा। ताकि हमारी युवा पीढ़ी अपने इतिहास से जुड़ी रहे । इस अवसर पर सोसायटी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे ।