जम्मू। ऑनलाइन परीक्षा के लिए 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। रिहाड़ी स्थित स्कूल शिक्षा बोर्ड के बाहर विभिन्न स्कूलों से छात्रों ने नारेबाजी करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। छात्रों ने सचिवालय जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस के रोके जाने पर छात्र सड़क पर बैठ गए, जिसके यातायात प्रभावित हो गया। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, छात्रों ने पुलिस पर लाठीजार्च करने का आरोप लगाया है। उन्होेंने चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होती वे संघर्ष जारी रखेंगे।
-----
ये हैं मांगें
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि वे पांच दिन से प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन मांग पूरी नहीं की गई। कोरोना के बीच ऑनलाइन पढ़ाई सिर्फ दिखावा है। उन्होंने कहा कि 2जी मोबाइल इंटरनेट से पढ़ाई से बोर्ड की परीक्षा कैसे पास करेंगे। उनका सिलेबस पूरा नहीं हुआ है। अगर बोर्ड ऑनलाइन परीक्षा नहीं ले सकता तो सिलेबस को 50 प्रतिशत कम किया जाए। परीक्षा केंद्र उनके स्कूलों में ही रखे जाएं। छात्रों ने कहा कि बोर्ड चेयरमैन वीना पंडिता से कई बार बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मिलने का समय नहीं दिया।