जम्मू। कोरोना संक्रमण के कारण एक बार फिर विभिन्न प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं का शेड्यूल प्रभावित हुआ है। यूपीएससीई, जेईई, नीट, कॉमन एंट्रेस टेस्ट जैसे प्रतियोगी परीक्षा के साथ जेकेएसएसबी की ओर से आयोजित की जाने वाली भर्ती परीक्षाएं भी प्रभावित हुई हैं।
जेकेएसएसबी ने मई 24 से 31 के बीच होने वाली भर्ती परीक्षा को स्थगित किया है, जबकि जून में होने वाली अन्य परीक्षाओं के स्थगित होने भी संभावना है। कोरोना के कारण शैक्षणिक गतिविधियों पर सबसे अधिक असर पड़ा है। स्कूल-कॉलेज में नियमित पढ़ाई बंद होने के साथ-साथ प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं के आयोजन पर काफी असर पड़ा है। जेकेएसएसबी ने पिछले वर्ष विभिन्न विभागों में पांच हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की। इसमें पंचायत अकाउंट असिस्टेंट के 1889 पदों पर भर्ती प्रक्रिया ही पूरी हुई, जबकि चतुर्थ श्रेणी के 8757 पदों पर भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा पूरी हुई है। जेकेएसएसबी की ओर से मई और जून में वित्त, परिवहन, कृषि, श्रम, लोक निर्माण सहित अन्य विभागों में की जाने वाली भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाना है। प्रदेश में बढ़ते कोविड संक्रमण के चलते इन परीक्षाओं के शेड्यूल पर असर पड़ सकता है।