- जेकेएसएसबी के नॉन गजटेड के साथ ही जेकेपीएससी के गजटेड पदों की भर्ती भी शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की पीड़ा जायज है। प्रदेश में पिछले नवंबर माह से अब तक विभिन्न विभागों में 2185 पदों पर भर्तियां निकली हैं, लेकिन सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के हाथ कुल 906 पद आए हैं, जो कुल पदों के 41 फीसदी भी नहीं हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर सर्विस सेलेक्शन बोर्ड (जेकेएसएसबी) के नॉन-गजटेड के साथ ही जम्मू-कश्मीर पब्लिक सर्विस कमीशन (जेकेपीएससी) की ओर से विज्ञापित होने वाले गजटेड पद भी शामिल हैं।
ये केवल पिछले आठ माह के आंकड़े हैं। इन महीनों में जम्मू-कश्मीर में सात बड़ी भर्तियां निकाली गई हैं। इनमें नौ जून को राजस्व विभाग में नायब तहसीलदार, 14 मई को सिविल जज जूनियर डिवीजन, 26 मई को जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट, 24 अप्रैल को जेई सिविल, के साथ ही जेई इलेक्टि्रकल, 10+2 लेक्चरर और जम्मू-कश्मीर पुलिस सब इंस्पेक्टर के पद शामिल हैं।
नेशनल स्टूडेंट्स इंडिया यानी एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अजय लखोत्रा का कहना है कि हमें आरक्षण पर रिपोर्ट का इंतजार है। अगर इसमें नाइंसाफी कायम रहती है तो हम मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंकेंगे। वहीं, अखिल भारतीय परिषद यानी एबीवीपी के पूर्व प्रदेश मंत्री दीपक गुप्ता का कहना है कि यह युवाओं के रोजगार से जुड़ा मामला है। हम पूरी तरह जम्मू के युवाओं के साथ हैं। हम भर्तियों में भेदभाव खत्म हो जाने तक आंदोलन जारी रखेंगे।
भर्ती विज्ञापित पद ओपन कैटेगरी आरक्षित
नायब तहसीलदार : 75 30 45
जेएंडके हाईकोर्ट : 74 34 40
सिविल जज जूनियर डिवीजन 42 17 25
जेई सिविल 508 203 305
जेई इलेक्टि्रक 292 117 175
10+2 लेक्चरर 525 238 337
पुलिस सब इंस्पेक्टर 669 267 402