जम्मू। केंद्र सरकार वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम में सीमावर्ती इलाकों में लघु उद्योग को बढ़ावा देने जा रही है। सरकार ने सुक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) में केंद्र से जुड़े कर्मियों को प्रोत्साहन देने के लिए जम्मू-कश्मीर समेत दस राज्यों में अधिकारियों की तैनाती कर दी है।
प्रदेश में एमएसएमई जम्मू में असिस्टेंड डायरेक्टर डीके त्यागी को बारामुला में तैनात किया गया है। वह यहां चंदूसा ग्रामीण इलाके में स्वरोजगार विकसित करने पर काम करेंगे। सुशील याकूब अलकबंद को एमएसएमई श्रीनगर के तहत बांदीपोरा में तैनात किया गया है। वह यहां बगटोर ब्लॉक के कांजलवनाइल गांव में काम करेंगे।
केंद्र सरकार ने प्रथम प्रहरियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है। वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम का दूसरा चरण लांच किया गया है। इसमें जम्मू-कश्मीर को भी शामिल किया गया है। अब सीमावर्ती इलाकों में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत गतिविधियां तेज हो गई हैं। एमएसएमई के संबंध में उपनिदेशक (प्रशासन) पंकज कुमार झा ने सभी राज्यों को पत्र जारी किया है।