जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आठ से 10 हजार परीक्षार्थी बैठेंगे
- प्रैक्टिकल के लिए अलग से अधिसूचना जारी होगी
- इस बार जेएंडके नर्सिंग काउंसिल लेगी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर व लद्दाख में दो मार्च से पैरा मेडिकल कोर्सों के लिए थ्योरी (लिखित) परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। दोनों केंद्र शासित प्रदेशों के सभी योग्य, असफल, बैकलाॅग, अन्य योग्य नर्सिंग, एएमटी, एएनएमटी, जीएनएम स्कूल, निजी पैरामेडिकल/नर्सिंग संस्थान के पैरामेडिकल छात्रों के लिए परीक्षा होगी। लेह व कारगिल के लिए वार्षिक/अर्द्धवार्षिक के अप्रैल-मई और अक्तूबर-नवंबर 2024 सेशन के लिए परीक्षा होगी। इसमें आठ से 10 हजार परीक्षार्थियों के बैठने की उम्मीद है।
नवगठित जम्मू-कश्मीर संबद्ध और स्वास्थ्य देखभाल परिषद के बुनियादी ढांचे के पूरी तरह से स्थापित न होने के कारण इस बार जेएंडके नर्सिंग काउंसिल के अधीन ही परीक्षाएं ली जा रही हैं। परिषद के गठन से पहले जम्मू-कश्मीर पैरा मेडिकल व नर्सिंग काउंसिल काम कर रही थी, लेकिन परिषद के गठन के बाद उसके अधीन ही पैरा मेडिकल परीक्षाएं लेने का प्रावधान है। जेएंडके नर्सिंग काउंसिल की ओर से जारी अधिसूचना में थ्योरी परीक्षा दो मार्च से 26 मार्च तक होंगी। इसमें एफएमपीएचडब्यू, सेनेटरी इंस्पेक्टर, ओपथालाॅमिक सहायक, ऑपरेशन थियेटर सहायक, एनेस्थीसिया सहायक, फिजियोथैरेपी सहायक, फार्मासिस्ट, डेंटल सहायक, मेडिकल सहायक, लेबोरेटरी सहायक, एक्सरे सहायक, ईसीजी, डायलिसिस सहायक, जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी, एएनएम, जीएनएम, डाॅ. फार्मेसी के विभिन्न कोर्सों के लिए परीक्षा होगी। इसमें जम्मू-कश्मीर के लिए प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए अलग से डेटशीट की अधिसूचना जारी की जाएगी। इन्हीं कोर्सों में सफल विद्यार्थियों को स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के अस्पतालों में रोजगार का मौका मिलता है। प्रदेश के सरकारी चिकित्सा केंद्रों में पैरा मेडिकल के खाली पद भरने के लिए भी तेजी से काम किया जा रहा है।