-जम्मू वीवी में तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम संपन्न, स्रोत संबंधित
- जेयू में तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम संपन्न, 20 टीमों ने आइडियाथॉन में पेश किए विचार
- किफायती स्किनकेयर उत्पाद और कृषि में पारदर्शिता से जुड़े आइडिया को दूसरा व तीसरा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय (जेयू) में आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हो गया। इसमें विद्यार्थियों ने नए व्यावसायिक विचारों के माध्यम से रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 124 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया और करीब 28 व्यावसायिक आइडिया सामने आए। एसआईआईईडीसी के ईशु भारती पंडित को कंप्यूटर विजन तकनीक से मच्छरों के प्रजनन स्थलों का पता लगाने के आइडिया के लिए प्रथम पुरस्कार मिला।
इंटीग्रेटेड यूजी-पीजी की दरखशां फातिमा को किफायती स्किनकेयर उत्पादों के विचार के लिए दूसरा स्थान मिला। जीसीईटी के जितेश वैद और विवेक शर्मा को कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता के लिए आईओटी आधारित सिस्टम विकसित करने पर तीसरा पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन आयोजित आइडियाथॉन में 20 टीमों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। जूरी ने नवाचार और उपयोगिता के आधार पर इनका मूल्यांकन किया। पहले दिन विशेषज्ञों ने स्टार्टअप शुरू करने के अवसरों की जानकारी दी। अंतिम दिन विद्यार्थियों को बिजनेस मॉडल तैयार करने के बारे में बताया गया।
-
बेकार फूलों से उत्पाद और साइबर सुरक्षा के आइडिया को विशेष सम्मान
टीम अरोमा को बेकार फूलों से उपयोगी उत्पाद तैयार करने के विचार के लिए विशेष उल्लेख से सम्मानित किया गया। वहीं, टीम हेलिओस को साइबर सुरक्षा प्लेटफॉर्म के आइडिया के लिए विशेष सम्मान मिला। एसआईआईईडीसी की निदेशक प्रो. अलका शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता और उद्यमिता को बढ़ावा देते हैं। इससे युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले बन सकते हैं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।