- नीट, जेईई समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हासिल की सफलता
- 33 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा डीजीपी स्पेशल रिवॉर्ड
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों और अधिकारियों के बच्चों ने शैक्षणिक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। किसी ने नीट पास कर एमबीबीएस में दाखिला हासिल किया तो किसी ने जेईई मेन और एडवांस में सफलता पाकर इंजीनियरिंग की राह चुनी।
इन मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने 33 बच्चों को डीजीपी स्पेशल रिवॉर्ड देने की मंजूरी दी है। प्रत्येक विद्यार्थी को 10 हजार रुपये नकद और प्रशस्ति प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले पुलिस कर्मियों के बच्चों को यह पुरस्कार मिलेगा। इनमें हेड कांस्टेबल, सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल, एएसआई और इंस्पेक्टर के बच्चे शामिल हैं।
जम्मू, सांबा, राजोरी, श्रीनगर, अनंतनाग, पुलवामा, कुलगाम और अवंतिपोरा सहित विभिन्न जिलों और इकाइयों में तैनात पुलिस कर्मियों के बच्चों ने यह उपलब्धि हासिल की है।
-
नीट, जेईई के अलावा क्लैट में भी सफलता
33 विद्यार्थियों में अधिकांश ने मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में कामयाबी हासिल की है। कई विद्यार्थियों ने नीट-2025 और नीट-2026 पास किया, जबकि कुछ ने जेईई मेन और एडवांस में सफलता पाई। इसके अलावा बीओपीईई के माध्यम से बीएससी नर्सिंग, बीएचएमएस और अन्य पाठ्यक्रमों में दाखिला पाने वाले विद्यार्थी भी शामिल हैं। एक विद्यार्थी ने क्लैट-2026 में भी सफलता हासिल की है। पुलिस मुख्यालय ने पुरस्कार राशि केंद्रीय पुलिस कल्याण कोष से जारी करने की मंजूरी दी है।