- अध्यक्ष बोले - आश्वासन पर ही हड़ताल का निर्णय होगा वापस
- मेटरनिटी लीव सहित स्टाइपेंड रिवाइज्ड करने की उठा रहे मांग
- मेडिकल कॉलेज प्रबंधन आज कर सकता है रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन से बात
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मांगों को लेकर रेजीडेंट डॉक्टर्स के वीरवार से हड़ताल पर जाने के फैसले के बाद जीएमसी जम्मू प्रबंधन के सामने विकट स्थिति पैदा हो गई है। हड़ताल पर जाने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रख पाना जहां चुनौती से कम नहीं होगा। हड़ताल को लेकर रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा ने कहा कि बातचीत का रास्ता एसोसिएशन ने खुला रखा है। इसके लिए सरकार को मांगों को पूरा करने के लिए ठोस आश्वासन देना होगा।
रेजीडेंट डॉक्टर बीते 10 वर्ष से अपने स्टाइपेंड रिवाइज्ड करने की मांग कर रहे हैं। स्किम्स श्रीनगर की तरह ही छह माह की पेड मेटरनिटी लीव चाहते हैं। रेजीडेंट डॉक्टरों का कहना है कि जो भी केंद्र शासित राज्य हैं वहां पर लगभग एक लाख रुपये तक स्टाइपेंड दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्किम्स श्रीनगर की तुलना करें तो भी राजकीय मेडिकल कॉलेज जम्मू सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों में नियुक्त रेजीडेंट डॉक्टरों को लगभग 40 प्रतिशत कम स्टाइपेंड दिया जा रहा है। वीरवार से हड़ताल पर जाने को लेकर आरडीए के अध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा ने कहा कि वह नहीं चाहते हैं कि हड़ताल से आमजन को जूझना पड़े, स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी हों।
-
रेजीडेंट डॉक्टरों की हड़ताल से पहले ही उम्मीद है कि मांगों को पूरा करने के लिए बातचीत से उनको मना लिया जाएगा। बुधवार को उनकी मांगों को लेकर बैठक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष गुप्ता करेंगे। उम्मीद है कि आपसी समन्वय से डॉक्टर हड़ताल पर नहीं जाएंगे।
-डॉ. बीरेंद्र त्रिसल, सुपरिंटेंडेंट राजकीय मेडिकल कॉलेज, जम्मू