अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सीमावर्ती जिले पुंछ से छात्र-छात्राओं को कोर्स के लिए जम्मू या दूसरे शहरों में न जाना पड़े, अब इसकी तैयारी चल रही है। जम्मू विश्वविद्यालय के पुंछ कैंपस में जल्द ही नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों को पहले ही विश्वविद्यालय से मंजूरी मिल चुकी है। इनमें बायोटेक्नोलॉजी में इंटिग्रेटेड कोर्स शामिल हैं।
इसके साथ ही यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, डिपार्टमेंट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी और डिपार्टमेंट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के कोर्स भी पहले फेज में शुरू किए जाने प्रस्तावित हैं। कोकोनट आर्टिस्ट्री के साथ ही साॅफ्टवेयर प्रोग्रामिंग के भी कुछ कोर्स इस कैंपस में शुरू किए जाने की तैयारी है, जिनकी प्रक्रिया अभी पाइप लाइन में हैं। आपको बता दें कि अभी पुंछ कैंपस में केवल एमएससी सेरीकल्चर की पढ़ाई कराई जा रही है।
पांच मंजिला नई इमारत का निर्माण चल रहा
कैंपस में पांच मंजिला नई इमारत का निर्माण चल रहा है। इसके बनने के साथ ही यहां सभी स्वीकृत कोर्स शुरू कर दिए जाने की संभावना है। इस संबंध में संपर्क करने पर पुंछ कैंपस के डायरेक्टर प्रो. राकेश वैद ने बताया कि विश्वविद्यालय अब अपने आउटरीच प्रोग्राम के तहत दूरस्थ इलाकों को भी शिक्षा से जोड़ने की कोशिश कर रहा है। पुंछ कैंपस को विकसित किया जाना इसी पहल का एक हिस्सा है। कुछ समय पहले जम्मू विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. उमेश राय ने भी पुंछ कैंपस का दौरा कर इन विषयों को जल्द-से-जल्द शुरू किए जाने को लेकर पहल की थी। जो कोर्स यहां के लिए प्रस्तावित हैं, उनमें छात्रों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत एग्जिट और एंट्री का विकल्प उपलब्ध रहेगा।