- बाबा नानक की शिक्षाओं के प्रसार के लिए खुलेगा विशेष केंद्र, देशभर से छात्र करेंगे शोध
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में गुरु नानक चेयर को दोबारा बहाल करने को मंजूरी मिल गई है। साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं के प्रसार और शोध से संबंधित विशेष केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस निर्णय को शिक्षा और अध्यात्म के क्षेत्र में अहम माना जा रहा है।
गुरु नानक चेयर के सक्रिय होने से देशभर के छात्र, शोधार्थी और विद्वान गुरु नानक देव जी के जीवन, दर्शन, सामाजिक संदेश व मानवता आधारित शिक्षाओं पर गहन अध्ययन और शोध कर सकेंगे। प्रस्तावित केंद्र में संगोष्ठियां, व्याख्यान, शोध परियोजनाएं और अकादमिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पंजाबी विभाग के सहायक प्रो. प्रीतम सिंह का कहना है कि यह केंद्र सिख दर्शन, भाईचारे, समानता और मानव कल्याण जैसे मूल सिद्धांतों को अकादमिक मंच प्रदान करेगा। इससे न सिर्फ धार्मिक और सामाजिक अध्ययन को बल मिलेगा, बल्कि जम्मू विश्वविद्यालय की शैक्षणिक पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी। वहीं, जिला गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी सहित अन्य संगठनों ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे गुरु नानक देव जी की सार्वभौमिक शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम करार दिया है।
सिख नौजवान सेवादार सभा ने जताया आभार
सिख नौजवान सेवादार सभा रिहाड़ी ने जम्मू यूनिवर्सिटी में गुरु नानक देव जी चेयर को पुनः शुरू करने पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के सकारात्मक और ऐतिहासिक हस्तक्षेप के लिए आभार व्यक्त किया है। सभा ने डिस्ट्रिक्ट गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीजीपीसी) जम्मू के प्रतिनिधिमंडल के प्रयास की सराहना किया जिसने उपराज्यपाल से मुलाकात कर चेयर की बहाली के महत्व को प्रभावी ढंग से पेश किया। जम्मू यूनिवर्सिटी की 89वीं यूनिवर्सिटी काउंसिल बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन को गुरु नानक देव जी चेयर को पुनः शुरू करने के निर्देश दिए। सभा का कहना है कि इस निर्णय से गुरु नानक देव जी महाराज की शिक्षाओं, दर्शन और सार्वभौमिक संदेश पर अकादमिक शोध को बढ़ावा मिलेगा।