-कल तक कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण, पहले पंजीकरण करा चुके छात्रों को दोबारा जरूरत नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में एमडी और एमएस की सीटें बढ़ने के बाद अब इन कोर्सों में दाखिले का एक और मौका मिलेगा। जम्मू-कश्मीर व्यावसायिक प्रवेश परीक्षा बोर्ड (जेकेबोपी) ने एमडी, एमएस और पीजीडी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल दोबारा खोलने का फैसला किया है। अभ्यर्थी वीरवार तक आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार जीएमसी जम्मू और श्रीनगर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमडी-एमएस की सीटें बढ़ाई गई हैं। इसके बाद राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की सूचना के आधार पर पंजीकरण का पोर्टल दोबारा खोलने का फैसला लिया गया है। जो अभ्यर्थी पहले ही पंजीकरण करा चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। नए इच्छुक अभ्यर्थी तय समय के भीतर जेकेबोपी की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। बोर्ड ने श्रेणी प्रमाणपत्रों की वैधता की अंतिम तारीख भी बदल दी है। अब इसके लिए वीरवार को पंजीकरण की अंतिम तारीख माना जाएगा। हालांकि, दाखिले की पात्रता और अन्य शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ये पहले जारी अधिसूचना और सूचना पुस्तिका के अनुसार ही रहेंगी।