रियासी। शिक्षा जोन पौनी के मिडिल स्कूल इखनी के शिक्षक को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने की घोषणा के बाद शिक्षा मंत्रालय की एक टीम क्षेत्र का दौरा करेगी। चार सदसीय टीम स्कूल एवं आसपास के क्षेत्र की वीडियोग्राफी करने के साथ ही मौजूदा हालात के बारे में भी पता जानकारी एकत्र करेगी। स्थानीय ग्रामीणों के अलावा स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों से भी बात करने की संभावना है। वहीं, वीरवार को स्कूल पहुंचने पर शिक्षक का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया है।
गौरतलब है कि इखनी स्कूल के शिक्षक संजीव कुमार शर्मा को राष्ट्रीय पुरस्कार देने की घोषणा बुधवार को की गई है। शिक्षक संजीव कुमार दो साल से स्कूल में कार्यरत है। उन्होंने स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के साथ ही खेलकूद प्रति भी प्रेरित करने में जिम्मेदारी निभाई है। राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने की घोषणा के बाद वीरवार को शिक्षक संजीव कुमार शर्मा स्कूल में पहुंचे, जहां पर उनका स्थानीय ग्रामीणों ने स्वागत किया। सनद रहे कि स्कूल तक पहुंचने के लिए लगभग दो घंटे का पैदल रास्ता तय करना पड़ता है। यह शिक्षा जोन जिले के अंतिम छोर पर है।