जम्मू। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने वीरवार को नेशनल इंस्टीट्यूट रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) की रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें जम्मू विश्वविद्यालय ने देशभर में टॉप 100 में जगह बनाते हुए 52वां स्थान हासिल किया है। कश्मीर यूनिवर्सिटी ने टॉप 50 में जगह बनाते हुए 46.99 प्वाइंट के साथ 48वां और श्री माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी (एसएमवीडीयू) ने 78वां स्थान हासिल किया है।
जेयू की रैंकिंग में इस बार 22 अंक की बढ़ोतरी
जम्मू यूनिवर्सिटी ने पिछले वर्ष इस रैंकिंग में 74वां स्थान हासिल किया था लेकिन इस वर्ष रैंकिंग में सुधार कर 22 अंक की बढ़ोतरी की है। इस रैंकिंग के लिए मानव संसाधन मंत्रालय ने ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। इस मौके पर कुलपति प्रो. मनोज धर ने खुशी व्यक्त करते हुए स्टाफ को शुभकामनाएं दी हैं। कुलपति ने कहा है कि यूनिवर्सिटी का एक साल मेें रैंकिंग में सुधार करना गर्व की बात है।
श्री माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी (एसएमवीडीयू) को हाल ही में टाईम्स हायर इम्पेक्ट रैंकिग के एसडीजी 7 श्रेणी में 71वां स्थान मिला था। वहीं एनआईआरएफ रैंकिंग 2020 के अनुसार एसएमवीडीयू ने देश के टॉप 100 मैनेजमेंट इंस्टीटयूट और टॉप 150 यूनिवर्सिटी में जगह बनाई है। इस उपलब्धि के लिए कुलपति एसके सिन्हा ने यूनिवर्सिटी के सभी प्रोफेसर और स्टाफ को बधाई दी है।
कश्मीर यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. तलखत अहमद ने कहा कि कश्मीर यूनिवर्सिटी का रैंकिंग में शीर्ष 50 में जगह बनाना बहुत गर्व की बात है। इम मौके पर उन्होंने सभी स्टाफ के अधिकारियों को भी शुभकामनाएं दी हैं।